वेदांता प्लांट हादसा : एफआईआर दर्ज, अनिल अग्रवाल भी शामिल
सक्ती वेदांता प्लांट हादसा: एफआईआर दर्ज, 19 आरोपी नामजद, अनिल अग्रवाल भी शामिल
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में हुए वेदांता पावर प्लांट हादसे में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। इस मामले में प्लांट प्रबंधन से जुड़े 19 लोगों को आरोपी बनाया गया है, साथ ही Anil Agarwal का नाम भी एफआईआर में शामिल किया गया है।
14 अप्रैल को हुए इस भीषण हादसे में बॉयलर पाइप ब्लास्ट के कारण 35 मजदूर इसकी चपेट में आ गए थे। हादसे में अब तक 20 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि 15 घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
प्रारंभिक जांच में प्लांट प्रबंधन की लापरवाही सामने आई है। इसी आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच को आगे बढ़ाया है। अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा मानकों में कमी और निगरानी में ढिलाई हादसे की बड़ी वजह मानी जा रही है।
इधर, प्रदेश कांग्रेस की जांच दल समिति ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और घटना को गंभीर लापरवाही का परिणाम बताया। समिति ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
वहीं, उद्योग मंत्री Lakhan Lal Dewangan ने घटना स्थल का निरीक्षण कर साफ कहा कि लापरवाही हुई है, तभी इतना बड़ा हादसा हुआ। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीमें जांच में जुटी हुई हैं। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है, जबकि पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहे हैं।
cg24 
