मातंगी धाम की दिव्य शक्तियों का दावा करने वाले प्रेमा साईं अपनी जान की सुरक्षा मांगने पहुंचे थाने
दिव्य शक्तियों का दावा करने वाले प्रेमा साईं अपनी जान की सुरक्षा मांगने पहुंचे थाने : भक्तों में चर्चा
रायपुर/अभनपुर। भूत-प्रेत, तंत्र विद्या, मां मातंगी के आशीर्वाद और अपनी कथित दिव्य शक्तियों के माध्यम से वर्षों से लोगों की समस्याओं का समाधान करने का दावा करने वाले, स्वयं को त्रिकालदर्शी बताने वाले डॉ. प्रेमा साईं महाराज उर्फ सुनील नायर इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में हैं। लोगों को भूत-प्रेत बाधा से मुक्ति दिलाने, भविष्य बताने और संकट टालने का दावा करने वाले प्रेमा साईं स्वयं अपनी सुरक्षा की मांग लेकर अभनपुर थाना पहुंच गए, जिससे भक्तों और आमजन में कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मां मातंगी धाम के पीठाधीश्वर डॉ. प्रेमा साईं महाराज को व्हाट्सएप के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें संदेश भेजकर धमकी दी। इसके बाद सैकड़ों भक्तों के साथ वे अभनपुर थाना पहुंचे और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई की मांग की।
डॉ. प्रेमा साईं महाराज का कहना है कि वे लगातार सनातन धर्म के लिए कार्य कर रहे हैं, मतांतरित हुए लोगों की घर वापसी करा रहे हैं तथा लव जिहाद जैसे मुद्दों पर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। उनके अनुसार, इसी कारण कुछ असामाजिक तत्व उन्हें निशाना बना रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे ऐसी धमकियों से डरने वाले नहीं हैं और आगे भी सनातन के लिए कार्य करते रहेंगे।
उन्होंने बताया कि जिस नंबर से धमकी मिली है, वह जम्मू-कश्मीर के हिलालवानी क्षेत्र का बताया जा रहा है। इस मामले में उन्होंने पुलिस से अपनी तथा मां मातंगी धाम की सुरक्षा की मांग की है।
हालांकि इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। जो व्यक्ति स्वयं को त्रिकालदर्शी बताता है, भूत-भविष्य की जानकारी रखने और आने वाले संकट को पहले से जानने का दावा करता है, वह धमकी देने वाले की पहचान अपनी कथित दिव्य शक्ति से क्यों नहीं कर पाया? भूत-प्रेत से संवाद करने और दिव्य दरबार लगाने वाले प्रेमा साईं धमकी देने वाले को अपने दरबार में उपस्थित क्यों नहीं कर सके? आखिर उन्हें पुलिस की शरण में क्यों जाना पड़ा?
भक्तों के बीच भी यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि यदि दिव्य शक्तियां इतनी प्रभावी हैं, तो फिर पुलिस सुरक्षा की आवश्यकता क्यों पड़ी। वहीं दूसरी ओर समर्थक इसे सनातन विरोधी ताकतों की साजिश बताते हुए सरकार से तत्काल सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं।

अभनपुर थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
cg24 
