मेरा क्षेत्र–मेरी जिम्मेदारी” BSP का अभिनव सुरक्षा अभियान

भिलाई इस्पात संयंत्र ने कार्यस्थल सुरक्षा, अनुशासन एवं स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से “मेरा क्षेत्र–मेरी जिम्मेदारी” नामक अभिनव सुरक्षा अभियान प्रारंभ किया है। यह पहल संयंत्र परिसर में जवाबदेही की संस्कृति विकसित करने, कर्मचारियों में स्वामित्व की भावना बढ़ाने तथा कार्यस्थलों को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

यह अभियान स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यपालक निदेशक (संकार्य) श्री राकेश कुमार के मार्गदर्शन में शुरू किया गया है, जबकि इसका संचालन एवं क्रियान्वयन मुख्य महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं) श्री देबदत्त सतपथी के नेतृत्व में किया जा रहा है।

अभियान के तहत संयंत्र के प्रमुख उत्पादन विभागों, कार्यस्थलों, प्रशासनिक भवनों एवं औद्योगिक परिसरों को अलग-अलग क्षेत्रों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक क्षेत्र के लिए एक कार्यपालक अधिकारी तथा आवश्यकता अनुसार गैर-कार्यपालक कर्मचारियों को “क्षेत्र स्वामी” के रूप में नामित किया गया है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम तथा विवरण संबंधित क्षेत्रों में प्रमुखता से प्रदर्शित किए गए हैं, ताकि जिम्मेदारी और जवाबदेही स्पष्ट रूप से सुनिश्चित की जा सके।

नामित क्षेत्र स्वामियों को अपने-अपने क्षेत्रों में हाउसकीपिंग, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, समग्र सुरक्षा व्यवस्था तथा वहां कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संयंत्र प्रबंधन का मानना है कि यह पहल विभिन्न विभागों एवं क्षेत्र स्वामियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को भी बढ़ावा देगी, जिससे सुरक्षा मानकों, अनुशासन और रखरखाव व्यवस्था में निरंतर सुधार संभव हो सकेगा।

संयंत्र के सुरक्षा अभियांत्रिकी विभाग द्वारा इस अभियान की सतत मॉनिटरिंग एवं मूल्यांकन किया जा रहा है। प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया है कि “मेरा क्षेत्र–मेरी जिम्मेदारी” अभियान के माध्यम से संयंत्र परिसर में सुरक्षा जागरूकता, कार्यस्थल अनुशासन और स्वच्छता व्यवस्था के स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।