विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में उत्कल समाज ने मुख्यमंत्री साय का जताया आभार
विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में उत्कल समाज ने मुख्यमंत्री साय का जताया आभार
रायपुर के चारों विधानसभा क्षेत्रों में उत्कल समाज भवन के लिए 25-25 लाख रुपये की स्वीकृति पर किया अभिनंदन
रायपुर। रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक पुरन्दर मिश्रा के नेतृत्व में उत्कल समाज के पदाधिकारी एवं समाजजन ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात कर रायपुर के चारों विधानसभा क्षेत्रों—रायपुर उत्तर, रायपुर दक्षिण, रायपुर पश्चिम एवं रायपुर ग्रामीण—में उत्कल समाज भवन के निर्माण के लिए 25-25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री का आत्मीय अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर समाजजनों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पावन नुआखाई पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं भी प्रेषित कीं।
उत्कल समाज के पदाधिकारी एवं समाजजन ढोल-नगाड़ों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक रायपुर विमानतल पहुंचे और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आत्मीय स्वागत किया। समाज भवनों के लिए राशि स्वीकृत किए जाने को लेकर समाजजनों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता का वातावरण रहा। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए समाज की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उत्कल समाज की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता और समाज की भावनाओं को समझते हुए रायपुर के चारों विधानसभा क्षेत्रों में उत्कल समाज भवन के लिए 25-25 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। यह स्वीकृति केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्कल समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि उत्कल समाज का छत्तीसगढ़ के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। समाज भवनों के निर्माण से सामाजिक, सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए समाजजनों को एक स्थायी एवं सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा। साथ ही, ऐसे भवन समाज की नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं, भाषा, संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेंगे।
विधायक श्री मिश्रा ने कहा कि नुआखाई केवल एक पर्व नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक जड़ों, भाईचारे, सामाजिक एकता और पारिवारिक आत्मीयता का उत्सव है। इस पावन अवसर पर उत्कल समाज की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करना मेरे लिए विशेष प्रसन्नता और गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए विकास एवं जनकल्याण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
उत्कल समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि रायपुर के चारों विधानसभा क्षेत्रों में समाज भवन के लिए 25-25 लाख रुपये की स्वीकृति मिलना समाज के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे समाज की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी और विभिन्न धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए समाजजनों को स्थायी सुविधा उपलब्ध होगी। समाजजनों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं विधायक पुरन्दर मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर गोपाल सोना, खगपति सोनी, कैलाश बेहरा, बसंत गोंड, विनोद बेहरा, संतोष सोनी, महेश बघेल, पंकज जगत, बसंत बाघ, लक्ष्मी नारायण, सोनू बघेल, भावेश मोगराज, बेनु चौहान, आकाश सोनी, बबलू महानंद, देवराज महानंद, पिंकी निहाल, सुमित नायक, जीतू सागर सहित उत्कल समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।


