झेरिया धोबी समाज के वार्षिक अधिवेशन में सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल, संगठन की एकता और सेवा भावना की सराहना

झेरिया धोबी समाज के वार्षिक अधिवेशन में सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल, संगठन की एकता और सेवा भावना की सराहना

झेरिया धोबी समाज के वार्षिक अधिवेशन में सांसद बृजमोहन अग्रवाल शामिल, संगठन की एकता और सेवा भावना की सराहना

पुस्तैनी व्यवसाय को आधुनिक स्वरूप देने का आह्वान, युवाओं से लॉन्ड्री उद्योग को ब्रांड बनाकर आगे बढ़ाने की अपील

स्व-सहायता समूह और सहकारी मॉडल से आत्मनिर्भर बने समाज, डिजिटल और तकनीकी नवाचार अपनाने पर जोर

समाज भवन व विकास कार्यों हेतु 10 लाख रुपये की घोषणा, शिक्षा और सामाजिक सहयोग को बताया प्राथमिकता

रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं जनप्रिय नेता श्री बृजमोहन अग्रवाल ग्राम धुसेरा में आयोजित छत्तीसगढ़ झेरिया धोबी समाज, अभनपुर बेलर परिक्षेत्र के वार्षिक अधिवेशन में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों एवं युवाओं से संवाद कर संगठन की गतिविधियों की सराहना की।

अपने संबोधन में सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि झेरिया धोबी समाज हमारी परंपरा, परिश्रम और सामाजिक समरसता का सशक्त प्रतीक रहा है। वर्षों से सेवा, स्वच्छता और अनुशासन को अपना धर्म मानकर इस समाज ने सामाजिक जीवन को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसके संस्कार, संगठन और सेवा भावना से होती है, और झेरिया धोबी समाज इन मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण है।

सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि आज बड़े-बड़े कॉर्पोरेट समूह लॉन्ड्री और ड्राई-क्लीनिंग जैसे व्यवसाय को आधुनिक तकनीक और ब्रांडिंग के माध्यम से संगठित उद्योग का रूप दे रहे हैं। यह वही कार्य है, जो वर्षों से हमारा समाज परंपरागत रूप से करता आया है। लेकिन चिंता का विषय है कि समाज के कई युवा पुस्तैनी व्यवसाय से दूरी बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह समय पीछे हटने का नहीं, बल्कि अपने परंपरागत कार्य को आधुनिक स्वरूप देकर आगे बढ़ाने का है।

उन्होंने सुझाव दिया कि स्व-सहायता समूह (Self Help Group) और सहकारी मॉडल के माध्यम से समाज के युवा अपने पुस्तैनी कार्य को नया आयाम दे सकते हैं। आधुनिक मशीनों, डिजिटल भुगतान व्यवस्था, ऑनलाइन बुकिंग, यूनिफॉर्म ब्रांडिंग और प्रोफेशनल मैनेजमेंट के जरिए लॉन्ड्री व्यवसाय को संगठित और लाभकारी बनाया जा सकता है। इससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि समाज आर्थिक रूप से सशक्त भी होगा।

उन्होंने समाज से आह्वान किया कि सभी सदस्य एकजुट होकर गरीब बच्चों की शिक्षा, जरूरतमंद बेटियों के विवाह और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के उपचार में सहयोग की सुदृढ़ व्यवस्था करें। सामूहिक सहयोग और संगठनात्मक शक्ति से ही समाज का समग्र विकास संभव है।

विशेष रूप से युवाओं को संबोधित करते हुए सांसद श्री अग्रवाल ने कहा कि वे आगे बढ़कर समाज के कार्यों को गति दें, संगठन को मजबूत बनाएं और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनें। युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और प्रतिबद्धता ही किसी भी समाज के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी शक्ति होती है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे शिक्षा और कौशल के माध्यम से स्वयं को सशक्त बनाएं तथा समाज सेवा को अपने जीवन का महत्वपूर्ण लक्ष्य बनाएं।

कार्यक्रम के अंत में  बृजमोहन अग्रवाल ने  समाज की निरंतर प्रगति, एकता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण की कामना करते हुए हर संभव सहयोग का विश्वास देते हुए सांसद निधि से समाज के भवन के लिए 5 लाख रुपए तथा विकास कार्यों के लिए 5 लाख रूपए देने की घोषणा की।