संदीप व लविंदर ने लगाई चौके-छक्के की झड़ी : लल्लूराम टीम की हुई करारी हार
संदीप की शतकीय और लविंदर की अर्द्धशतकीय पारी से एस जरनोस की रोमांचक जीत
- एस जरनोस ने लल्लूराम डॉट कॉम को 108 रन से हराया
- रायपुर प्रेस क्लब खेल मड़ई : स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट
- संदीप व लविंदर ने लगाई चौके-छक्के की झड़ी
रायपुर। प्रेस क्लब खेल मड़ई के अंतर्गत आयोजित स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। नेताजी सुभाष स्टेडियम में खेले गए मैच में एस जरनोस ने संदीप प्रधान की शतकीय और लविंदर पाल सिंह की अर्द्धशतकीय पारी की बदौलत लल्लूराम डॉट कॉम को 108 रन से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। संदीप प्रधान मैनऑफ द मैच रहे।
लल्लूराम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला लिया। एस जरनोस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 2 विकेट पर 201 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह प्रतियोगिता का सर्वाधिक स्कोर है । एस जरनोस के ओपनर बल्लेबाज शिवम दुबे पहले ही ओवर में वैभव पांडेय की गेंद पर अमित शिंदे को कैच थमाकर पैवेलियन लौट गए। इसके बाद आये संदीप प्रधान ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करना शुरू दिया। दूसरे छोर पर अभिषेक कुमार ने संदीप का भरपूर साथ दिया। पांचवें ओवर में गेंदबाज वैभव पांडेय ने संभलकर खेल रहे अभिषेक को क्लीन बोल्ड कर दिया। अभिषेक ने 10 गेंदों में एक चौके की मदद से 12 रन बनाए । इसके बाद आए लविंदर पाल सिंह ने संदीप के साथ मिलकर आक्रमक बल्लेबाजी करते हुए लल्लूराम के फील्डिंग को बिखेर दिया। कोई भी गेंदबाज संदीप और लविंदर के सामने बेहतर गेंदबाजी नहीं कर पाए। इसका फायदा दोनों बल्लेबाजों ने उठाया और चौके-छक्के की झड़ी लगा दी। संदीप और लविंदर ने 139 रनों की शानदार नाबाद शतकीय साझेदारी की। संदीप ने 4 चौके और 13 आसमानी छक्के की मदद से 33 गेंदों में 105 रनों की शतकीय पारी खेली। यह इस टूर्नामेंट का तीसरा शतक रहा। वहीं लविंदर ने भी 3 चौके और 7 छक्के जड़कर मात्र 18 गेंदों में 60 रन बनाए। लल्लूराम की ओर से वैभव पांडेय ने दो विकेट लिए। अमित शिंदे महंगे गेंदबाज साबित हुए, जिन्होंने 2 ओवर में 41 रन लुटाए।
जवाब में 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लल्लूराम डॉट कॉम की टीम 5 विकेट खोकर निर्धारित 10 ओवर में 93 रन ही बना सकी। टीम की ओर से ओपनर बल्लेबाज जगन्नाथ राव ही सर्वाधिक 37 रन जोड़े। उन्होंने 17 गेंदों में 1 चौका और 4 छक्के जड़े। वहीं दूसरे ओपनर बल्लेबाज टिक्कू ने 19 रन बनाए। टिक्कू ने 7 गेंद खेलकर 1 चौका व 2 छक्के लगाए। दोनों ओपनर के अलावा कोई भी बल्लेबाज ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं सका और जल्दी जल्दी आउट हो गए। टीम के लिए शेख अंजुम ने 12, मनोज बघेल ने 10, सत्या राजपूत ने 8 व अमित शिंदे ने 3 रन बनाए। एस जरनोस की ओर से अख्तर हुसैन ने 2 विकेट लिए, जबकि पार्थ बहेरा, टिकेश्वर पटेल व संदीप प्रधान को एक एक विकेट लेने में सफलता मिली।
कार्यक्रम के अतिथि छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कारपोरेशन के अध्यक्ष दीपक म्हस्के, छत्तीसगढ़ वक़्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज और रायपुर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष व जनसम्पर्क अधिकारी उमेश मिश्रा थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में जबलपुर से आए प्रमोद श्रीवास्तव व रविबाला श्रीवास्तव मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने टीम के खिलड़ियों से परिचय प्राप्त किया और जीतने वाली टीम को बधाई दी।
कार्यक्रम में शानदार प्रदर्शन के लिए एस जरनोस के संदीप प्रधान को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही दोनों टीमों को ट्राफी दी गई। इस दौरान रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू व भूपेश जांगड़े, वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा, मंजूषा शर्मा, संदीप पुराणिक, राजेन्द्र निगम , प्रदीप दुबे, खेल मड़ई के संयोजक विजय मिश्रा, सह संयोजक शंकर चंद्राकर व अख्तर हुसैन सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और खेलप्रेमी मौजूद थे। मैच में वैदुर्य निगम और अनुराग ने अंपायरिंग की। पी रामाराव नायडू स्कोरर रहे और महेन्द्र का सराहनीय योगदान रहा । प्रमोद श्रीवास्तव की ओर से बेहतर अंपायरिंग के लिए अंपायर वैदुर्य निगम को एक हजार रुपए भेंटकर सम्मानित किया गया।
बुधवार 11 फरवरी को सुबह 7.30 बजे नॉकआउट दौर का अंतिम ग्रुप मैच नई दुनिया और विस्तार न्यूज़ के बीच खेला जाएगा।
cg24
