प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण रू घर का पूरा हुआ सपना
जिला जनसम्पर्क कार्यालय कोण्डागांव
सेवा संकल्प अभियान
बदलाव की कहानी
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण रू घर का पूरा हुआ सपना
पक्की छत ने बदली विष्णु राम के परिवार की जिंदगी
कोण्डागांव, 15 सितम्बर 2026/ प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों के लिए सुरक्षित और पक्के आवास का सपना साकार करने का माध्यम बन रही है। योजना के माध्यम से जिले के अनेक गरीब एवं आवासहीन परिवारों को न केवल पक्की छत मिली है, बल्कि उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और खुशहाली भी आई है। ग्राम पंचायत बटराली, जनपद पंचायत केशकाल के निवासी विष्णु राम की कहानी भी इसी बदलाव की एक प्रेरणादायी मिसाल है।
विष्णु राम कृषि मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। जीवन पहले से ही आर्थिक कठिनाइयों से भरा था, इसी बीच बीमारी के कारण उनकी पत्नी का निधन हो गया। पत्नी के निधन के बाद बच्चों की जिम्मेदारी भी उनके कंधों पर आ गई। ऐसे कठिन समय में कच्चे मकान में बच्चों के साथ जीवनयापन करना उनके लिए बड़ी चुनौती थी। बारिश के दिनों में घर की स्थिति और भी कठिन हो जाती थी।
विष्णु राम के जीवन में बदलाव तब आया, जब वर्ष 2024-25 में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत उनका आवास स्वीकृत हुआ। पक्का घर मिलने की उम्मीद ने उनके परिवार में नई आशा जगाई। शासन से प्राप्त सहायता और स्वयं की मेहनत के बल पर उन्होंने मात्र चार माह में अपने पक्के आवास का निर्माण पूर्ण कर लिया।
आवास निर्माण के दौरान उन्हें नरेगा के तहत 90 मानव दिवस की मजदूरी का भुगतान भी प्राप्त हुआ। इससे उन्हें आवास निर्माण के साथ-साथ अतिरिक्त आर्थिक संबल मिला और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में सहायता मिली।
आज श्री विष्णु राम और उनका परिवार अपने पक्के, सुरक्षित और सुविधायुक्त आवास में खुशहाल जीवन व्यतीत कर रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के साथ उन्हें शासन की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का भी लाभ मिल रहा है। उनके घर में जल जीवन मिशन के तहत नल से जल, स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय तथा प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
विष्णु राम बताते हैं कि पहले कच्चे मकान में बारिश के दिनों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। घर की स्थिति को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती थी। अब पक्का मकान बनने से उनके बच्चों के सिर पर सुरक्षित छत है और परिवार को हर मौसम में सुरक्षा का भरोसा मिला है।
वे कहते हैं, “पहले कच्चे घर में बारिश के दिनों में बहुत परेशानी होती थी। आज मेरे बच्चों के सिर पर पक्की छत है। प्रधानमंत्री आवास योजना से मेरा अपना पक्का घर बनने का सपना पूरा हुआ। मैं शासन-प्रशासन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।”


