मुख्यमंत्री की सहजता और सादगी ने जीता लोगों का दिल — विधायक पुरन्दर मिश्रा
मुख्यमंत्री की सहजता और सादगी ने जीता लोगों का दिल — विधायक पुरन्दर मिश्रा
अति महत्वपूर्ण कार्यक्रम के लिए जाते मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अचानक रुकवाया काफिला, ठेले से खरीदा मिट्टी का दीया
रायपुर। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज नया रायपुर में आयोजित फेयरवे गोल्फ एवं कंट्री क्लब के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तेलीबांधा स्थित मौली माता द्वार के पास सब्जी मंडी के समीप मुख्यमंत्री ने अचानक अपना वाहन रुकवाया और सड़क किनारे ठेले पर मिट्टी के दीये बेच रहे विक्रेता से दीया खरीदा। इस दौरान रायपुर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा भी उनके साथ उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के अचानक रुकने से आसपास मौजूद लोग उत्साहित हो गए। लोगों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आत्मीयता से बातचीत की और उनके साथ तस्वीरें भी लीं। मुख्यमंत्री ने ठेले से मिट्टी से बने देशी दीये खरीदे और स्थानीय छोटे विक्रेता का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहे थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने सड़क किनारे एक सामान्य नागरिक के ठेले पर रुककर मिट्टी का दीया खरीदा। यह उनकी सहजता, सरलता और आमजन के प्रति आत्मीयता को दर्शाता है।
विधायक मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का यह व्यवहार यह संदेश देता है कि सत्ता के सर्वोच्च दायित्व पर रहते हुए भी वे आम आदमी से जुड़े हुए हैं। मिट्टी के दीये खरीदकर उन्होंने स्थानीय विक्रेता का उत्साह बढ़ाया और स्थानीय श्रम, स्वदेशी उत्पाद एवं छोटे व्यवसायियों के प्रति सम्मान की भावना को भी प्रोत्साहित किया।
मुख्यमंत्री के इस सहज और आत्मीय व्यवहार को देखकर आसपास उपस्थित लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और उनके इस सरल अंदाज की सराहना की।


