हर व्यक्ति को अपनी पहचान और अभिव्यक्ति का पूरा अधिकार होना चाहिए- ट्रांसजेंडर पहचान व्यक्ति की स्वयं की अनुभूति पर आधारित है-विद्या राजपूत

हर व्यक्ति को अपनी पहचान और अभिव्यक्ति का पूरा अधिकार होना चाहिए- ट्रांसजेंडर पहचान व्यक्ति की स्वयं की अनुभूति पर आधारित है-विद्या राजपूत

मेरा नाम विद्या राजपूत है, मैं छत्तीसगढ़ की एक ट्रांसजेंडर अधिकार कार्यकर्ता हूँ और पिछले कई वर्षों से समुदाय के अधिकार, सम्मान और समान अवसरों के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही हूँ। मेरा मानना है कि हर व्यक्ति को अपनी पहचान और अभिव्यक्ति का पूरा अधिकार होना चाहिए। ट्रांसजेंडर पहचान व्यक्ति की स्वयं की अनुभूति पर आधारित है, जिसे NALSA v. Union of India के ऐतिहासिक निर्णय में मान्यता दी गई और Transgender Persons (Protection of Rights) Act, 2019 में भी इसे स्वीकार किया गया है।

मैं इस बात को लेकर चिंतित हूँ कि नए प्रस्तावित बदलाव इन अधिकारों को सीमित कर सकते हैं। 2019 की परिभाषा को बनाए रखना आवश्यक है, क्योंकि वही हमारी पहचान और गरिमा की रक्षा करती है। मेडिकल बोर्ड की अनिवार्यता को समाप्त किया जाना चाहिए या उसमें सर्जन के स्थान पर मनोवैज्ञानिकों को शामिल किया जाना चाहिए। साथ ही, सहमति से होने वाली सर्जरी को अपराध की श्रेणी में नहीं रखा जाना चाहिए।

हम में से कई लोग परिवार, शिक्षा और रोजगार से वंचित कर दिए जाते हैं, फिर भी ऐसे महत्वपूर्ण निर्णयों में समुदाय से परामर्श नहीं लिया गया। यह न केवल अन्यायपूर्ण है, बल्कि हमें पीछे धकेलने जैसा है। इसलिए, हमारी आवाज़ को प्राथमिकता देना और हमारे अधिकारों की रक्षा करना अत्यंत आवश्यक है।