प्रदेश भर के तालाब बदहाल स्थिति में हैं और भाजपा सरकार तालाबों को संरक्षित करने के बजाय अवैध प्लाटिंग करा रही है
महामाया मंदिर वार्ड क्र.65 अंतर्गत महाराजबंध तालाब में हो रहे अतिक्रमण के लिये पाँच माह पूर्व कलेक्टर को पत्र प्रेषित किया गया था लेकिन सत्ताधारी लोगों की मिलीभगत के कारण कोई कार्यवाही नहीं
प्रदेश भर के तालाब बदहाल स्थिति में हैं और भाजपा सरकार तालाबों को संरक्षित करने के बजाय अवैध प्लाटिंग करा रही है
एक सप्ताह के अंदर महाराजबंध तालाब पर किसी प्रकार की ठोस कार्यवाही नहीं की जायेगी तो कांग्रेस पार्टी आम जनमानस के साथ मिलकर वहाँ धरने पर बैठेगी - विकास उपाध्याय
रायपुर (छत्तीसगढ़) दिनांक 13.06.2026। पूर्व संसदीय सचिव एवं छाया सांसद विकास उपाध्याय ने बताया कि मेरे द्वारा दिनांक 20 फरवरी 2026 को कलेक्टर महोदय को महाराजबंध तालाब में हो रहे अवैध कब्जे को लेकर फोटो की प्रति सहित एक पत्र लिखा गया था और उस पत्र के माध्यम से दोषियों के ऊपर कार्यवाही के लिये कहा गया था। लेकिन शासन-प्रशासन की चुप्पी सीधे तौर पर साबित करती है कि महाराजबंद तालाब में हो रहे अवैध कब्जे में सत्ताधारी लोगों की मिलीभगत है। आज से लगभग पाँच माह पूर्व किये शिकायत पर किसी भी प्रकार की कार्यवाही न होना सीधे तौर पर इस बात को इंगित कर रहा है कि सत्ताधारी नेता जनहित छोड़ लाभ मात्र के लिये जनता के बीच उपस्थित होते हैं। उपाध्याय ने बताया कि छोटे-बड़े 300 से ज्यादा तालाब की पहचान वाले रायपुर में अब गिने-चुने तालाब बचे हैं, हालात यह है कि जो तालाब बचे हैं, उनमें अब धड़ल्ले से अवैध कब्जे हो रहे हैं। धीरे-धीरे तालाब किनारे मलबा पाटकर अतिक्रमण किया जा रहा है। इसकी शिकायत के बाद भी प्रशासन व निगम के जिम्मेदार अधिकारी कुछ नहीं कर रहे हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण नगर निगम जोन क्र.06 अंतर्गत महाराजबंध तालाब है। पूर्व के रिकॉर्ड अनुसार लगभग 50.8 एकड़ में फैला यह तालाब आज अवैध कब्जों, कचरे, मलबे और सीवरेज के गंदे पानी के कारण सीमटता जा रहा है जो अब केवल 25 एकड़ में ही सीमित रह गया है। अब हालत यह है कि जिस तालाब की पहचान कभी साफ पानी और विशाल फैलाव के लिये थी, वह अब अपने अस्तित्व को बचाने की जंग लड़ रहा है। छत्तीसगढ़ में भाजपा की सत्ता है और पूरे प्रदेश में तालाब बदहाल स्थिति में हैं और भाजपा सरकार तालाबों को संरक्षित करने के बजाय अवैध प्लाटिंग करा रही है। विकास उपाध्याय ने कहा कि महाराजबंध तालाब पर हो रही अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगाई जाये और सीमांकन कर वस्तुस्थिति स्पष्ट की जाए। साथ ही अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाये। उपाध्याय ने कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर महाराजबंध तालाब पर किसी प्रकार की ठोस कार्यवाही नहीं की जायेगी तो कांग्रेस पार्टी आम जनमानस के साथ मिलकर वहाँ धरने पर बैठेगी।
cg24 
