रिश्वत लेने के मामले में बैंक शाखा प्रबंधक निलंबित

रिश्वत लेने के मामले में बैंक शाखा प्रबंधक निलंबित
रिश्वत लेने के मामले में बैंक शाखा प्रबंधक निलंबित

 मृतक खातेदार के नामिनी को राशि भुगतान के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत मांगने के मामले में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपानिया शाखा की प्रभारी शाखा प्रबंधक अनिता पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार शिकायत कलेक्टर जनदर्शन में प्राप्त हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि मृतक खातेदार की जमा राशि जारी करने के लिए शाखा प्रबंधक ने नामिनी से रिश्वत की मांग की। शिकायत की प्रारंभिक जांच नोडल अधिकारी के माध्यम से कराई गई, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद बैंक कर्मचारी सेवा नियमों के तहत अनिता पाण्डेय को निलंबित करते हुए नोडल कार्यालय महासमुंद अटैच किया गया है।

 
बेमेतरा में उर्वरक विक्रेता पर कार्रवाई
 
लाइसेंस 15 दिनों के लिए निलंबित


 बेमेतरा जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी, तस्करी, डायवर्सन, जमाखोरी, अधिक कीमत पर विक्रय, अमानक एवं नकली उर्वरकों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में उर्वरक निरीक्षक नवागढ़ द्वारा 08 जून 2026 को मेसर्स कृषि विकास केन्द्र, ग्राम मानिकपुर, विकासखंड नवागढ़ का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न अनियमितताओं को देखते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। संतोषप्रद जवाब न देने के कारण उक्त संस्थान के उर्वरक लायसेंस को 15 दिवस के लिए निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित प्रतिष्ठान द्वारा उर्वरकों के भंडारण एवं विक्रय संबंधी किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं की जा सकेगी।