*ढाबे पर बुलडोजर कार्रवाई का सिक्ख समाज ने किया विरोध*

*ढाबे पर बुलडोजर कार्रवाई का सिक्ख समाज ने किया विरोध*

*ढाबे पर बुलडोजर कार्रवाई का सिक्ख समाज ने किया विरोध*

*प्रिंस ढाबा में दलबल के साथ पहुंचे थे तहसीलदार - मानवीयता को रखा ताक पर*

रायपुर, 10 जुलाई : राजधानी रायपुर के अंबुजा मॉल के समीप स्थित प्रिंस ढाबा में कथित भूमि विवाद को लेकर शुक्रवार को तहसीलदार दो थाना क्षेत्रों की पुलिस फोर्स तथा बुलडोजर के साथ कार्रवाई करने पहुंचे। मौके पर लगभग 30–40 महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी, दोनों थानों के थाना प्रभारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।

प्रिंस ढाबा संचालक द्वारा समाज के लोगों को दी गई कार्रवाई की सूचना मिलते ही सिक्ख समाज के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और बिना पूर्व सूचना की जा रही बुलडोजर कार्रवाई का विरोध किया। विरोध के दौरान पुलिस द्वारा प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों को हिरासत में लेने का प्रयास भी किया गया। वहीं समाज के प्रतिनिधियों ने तहसीलदार से चर्चा कर कहा कि बिना पूर्व सूचना की जा रही तोड़फोड़ की कार्रवाई विधिसम्मत नहीं है और इसे तत्काल रोका जाना चाहिए।

इस दौरान समाज के लोगों ने प्रशासन को यह भी अवगत कराया कि प्रिंस ढाबा संचालक के परिवार में निधन होने के कारण सभी सदस्य अंतिम संस्कार में शामिल होने दुर्ग गए हुए हैं। इसके बावजूद प्रशासन मानवीयता को ताक पर रखकर तोड़फोड़ की कार्रवाई पर अड़ा रहा, तहसीलदार का कहना था कि जब तक उन्हें न्यायालय के स्थगन आदेश (स्टे) की प्रति प्राप्त नहीं हो जाती, तब तक वे कार्रवाई से पीछे नहीं हटेंगे।

इसी बीच प्रिंस ढाबा संचालकों द्वारा उच्च न्यायालय से बुलडोजर कार्रवाई पर स्थगन आदेश (स्टे) प्राप्त कर उसकी प्रति तहसीलदार को उपलब्ध कराई गई। स्टे आदेश मिलते ही तहसीलदार एवं पुलिस बल ने प्रस्तावित कार्रवाई रोक दी और अपने दल-बल के साथ वापस लौट गए।

घटनास्थल पर कुछ समय के लिए पुलिस एवं सिक्ख समाज के लोगों के बीच तीखी बहस और तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।

प्रिंस ढाबा में प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई को रुकवाने के लिए छत्तीसगढ़ सिक्ख समाज के प्रदेश अध्यक्ष सुखबीर सिंह सिंघोत्रा, छत्तीसगढ़ सिक्ख संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दलजीत सिंह चावला, बंटी चावला, हरपाल सिंह भामरा, गुरुद्वारा बाबा बुड्ढा जी साहिब के प्रधान हरकिशन सिंह राजपूत, तेजिंदर सिंह सलूजा, स्वर्ण सिंह चावला, लवली अरोरा, यशवंत सिंह बंटी, जसपाल सिंह चावला, कुलदीप सिंह सलूजा, कुलदीप सिंह मोंगा सहित सिक्ख समाज के अनेक गणमान्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।