रायपुर दक्षिण में बेखौफ अपराधी, फल-फूल रहा अवैध कारोबार: कन्हैया
रायपुर दक्षिण में बेखौफ अपराधी, फल-फूल रहा अवैध कारोबार: कन्हैया
पुलिस कमिश्नर को सौंपा ज्ञापन
चंगोराभाठा डबल मर्डर के अगले ही दिन मिला गांजा, अपराधियों के हौसले बुलंद..
नशा, सट्टा और जुआ माफिया मासूम बच्चों को ढकेल रहे अपराध के दलदल में - कन्हैया
चंगोराभाठा में तुरंत पुलिस थाना खोलने की मांग
रायपुर । रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं, बेखौफ अपराधियों और फलते-फूलते नशे के अवैध कारोबार के विरोध में आज छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कन्हैया अग्रवाल के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने चंगोराभाठा में हुए हालिया डबल मर्डर के आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और पूरे क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की कड़े शब्दों में मांग की।
नाबालिगों को हथियार बना रहा नशा और सट्टा माफिया -
पुलिस कमिश्नर से चर्चा के दौरान प्रदेश कांग्रेस महामंत्री कन्हैया अग्रवाल ने आरोप लगाया कि रायपुर दक्षिण का एक बड़ा हिस्सा अवैध शराब, गांजा, नशीली गोलियों और सट्टेबाज़ी का गढ़ बनता जा रहा है। शासन-प्रशासन के कथित संरक्षण और पुलिस गश्त की भारी कमी के कारण अपराधियों की नई पौध तैयार हो रही है। माफिया नाबालिग बच्चों को मोहरा बनाकर उनसे शराब, गांजे की पुड़ियां और नशीली दवाइयां बिकवा रहे हैं। कानून की आड़ में छूटने के बाद यही मासूम बच्चे आगे चलकर पेशेवर अपराधी बन रहे हैं। इन मासूमों का भविष्य बचाने के लिए नशे के इस काले नेटवर्क पर करारी चोट की सख्त जरूरत है।
डीडी नगर व टिकरापारा थाना क्षेत्र बने अतिसंवेदनशील -
कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि डीडी नगर और टिकरापारा थाना क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील हो चुके हैं। हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म और लूट जैसी अधिकांश संगीन वारदात के तार नशे और सट्टे के कारोबार से सीधे जुड़े हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि पूरे क्षेत्र के युवाओं और बच्चों को सोची-समझी साजिश के तहत नशे के दलदल में धकेला जा रहा है। बढ़ते अपराधों को देखते हुए उन्होंने चंगोराभाठा में अविलंब नया पुलिस थाना खोलने की मांग दोहराई।
कमिश्नर ने दिया 15 दिनों में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन ..
प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने आश्वस्त किया कि चंगोराभाठा डबल मर्डर के दोषियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। उन्होंने अगले 15 दिनों के भीतर नशे, जुए और सट्टे के अवैध कारोबार को जड़ से उखाड़ने का भरोसा दिया। साथ ही, क्षेत्र में भयमुक्त माहौल बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश जारी किए ।
प्रतिनिधिमंडल में असंगठित क्षेत्र समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक,शहर कांग्रेस महामंत्री सुरेश बाफना शरद गुप्ता, राजेश केडिया, राजेश यदु, राजेश त्रिवेदी, मुकुंद कागदेलवार, देवेंद्र पवार, शंकर सेन, गोलू, महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव श्रीमती भुनेश्वरी डहरिया एवं श्रीमती अन्नू मरई सहित कांग्रेसजन शामिल थे।


