छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आगामी 13 जुलाई 2026 से शुरू होगा।
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र आगामी 13 जुलाई 2026 से शुरू होगा। विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार पंचम विधानसभा का दशम सत्र 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा इस दौरान विधानसभा की कुल 5 बैठकें होंगी।
विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार सत्र के पहले चार दिनों में प्रश्नोत्तर काल और शासकीय कार्यों का संचालन किया जाएगा। वहीं अंतिम दिन 17 जुलाई को प्रश्नोत्तर और शासकीय कार्यों के साथ-साथ अंतिम दो घंटे अशासकीय कार्य भी लिए जाएंगे।
सत्र में वित्तीय मामलों के अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े शासकीय कार्यों पर चर्चा और आवश्यक विधायी कार्य संपादित किए जाएंगे। मानसून सत्र को देखते हुए राजनीतिक दल भी अपनी-अपनी रणनीति तैयार करने में जुट गए हैं। विपक्ष जहां विभिन्न जनहित और प्रदेश से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाने की तैयारी कर रहा है, वहीं सरकार भी अपने कार्यों और योजनाओं को सदन के माध्यम से प्रस्तुत करेगी।
विधानसभा सचिवालय के सचिव दिनेश शर्मा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि सत्र की दिनदर्शिका भी जारी कर दी गई है। सत्र के दौरान प्रश्नोत्तर, वित्तीय एवं अन्य शासकीय कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
मानसून सत्र के दौरान प्रदेश के कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है, जिसके चलते राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इसकी तैयारियां अभी से शुरू हो गई हैं।
cg24 
